प्रयागराज विकास प्राधिकरण बोर्ड ने झूंसी के कनिहार में प्रस्तावित बर्ड सेंचुरी को मंजूरी के लिए शासन के पास भेजा है। प्राधिकरण अफसरों के मुताबिक इसे विकसित करने में करीब 96 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन की मंजूरी मिलने के बाद ही विस्तृत डीपीआर तैयार कराया जाएगा। इसके साथ ही बोर्ड ने कुंभ मेला के इर्द-गिर्द इलाकों में नो कंस्ट्रक्शन जोन की कवायद तेज करने का निर्णय लिया है।
पीडीए बोर्ड की बैठक कमिश्नर डा. आशीष गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को प्राधिकरण सभागार में हुई। बैठक में खास तौर से चालू वित्तीय वर्ष के तमाम प्रावधानों पर चर्चा हुई। पीडीए ने सलाना 704.11 करोड़ के बजट का अनुमान किया है। इसमें 221.23 करोड़ रुपये आय, जबकि 514.05 करोड़ रुपये व्यय होंगे। सर्वाधिक आय (203.83 करोड़ रुपये) राजस्व से होगी वहीं, वेतन मद में सबसे अधिक खर्च होगा।
बोर्ड की बैठक में नैनी में प्रस्तावित आवासीय योजना एवं कनिहार में प्रस्तावित बर्ड सेंचुरी पर भी चर्चा हुई। नैनी आवासीय योजना के लिए जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने को कहा गया जबकि, कनिहार के लिए शासन की मंजूरी का इंतजार किया जाएगा। अपर सचिव गुडाकेश शर्मा के मुताबिक पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत होने की वजह से इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
बोर्ड में कुंभ मेला क्षेत्र के आसपास इलाकों को नो कंस्ट्रक्शन जोन घोषित करने के लिए महायोजना- 2021 में संशोधन के लिए आवास सचिव से चर्चा की बात तय हुई। संत निरंकारी सत्संग के भूमि भू-परिवर्तन प्रस्ताव को कमेटी की संस्तुति के आधार पर बोर्ड ने निरस्त कर दिया। बैठक में जिलाधिकारी उपाध्यक्ष भानुचंद्र गोस्वामी, नगर आयुक्त उज्जवल गोस्वामी, राजीव कुमार सिंह एक्सईएन विद्युत विभाग, सचिव पीडीए दयानंद प्रसाद, वित्त नियंत्रक रवींद्र कुमार, मुख्य अभियंता ओपी मिश्रा समेत अन्य उपस्थित थे।
अनुरक्षण शुल्क में कोई बदलाव नहीं
प्रयागराज। पीडीए ने आवासीय कॉलोनियों में रिक्त आवासीय इकाईयों के लिए लगने वाले अनुरक्षण शुल्क में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया है। पूर्व की तरह भवनस्वामियों को एक रुपये स्क्वायर फीट की दर से ही शुल्क देना होगा। इस वर्ष पीडीए ने भू-अधिग्रहण के लिए 20 करोड़, कॉलोनियों में सफाई उपकरण की खरीद पर 1.5 करोड़, पीडीए पार्कों के रखरखाव पर 5 करोड़, चंद्रशेखर आजाद पार्क एवं मल्टीलेवल पार्किंग के रखरखाव के लिए 50-50 लाख रुपये खर्च का प्रावधान किया है। वहीं, पीडीए इस वर्ष आवासीय कॉलोनियों आदि के निर्माण पर करीब 153.50 करोड़ खर्च करेगा।