अतरसुइया के कल्याणी देवी स्थित मकान से मंगलवार को डेढ़ करोड़ रुपये की प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप समेत नशीली दवाएं बरामद हुई थी मामले के आरोपी दंपती फरार हैं। बुधवार को दंपती के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन कल्याणी देवी में मिली है।
इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए। पुलिस आरोपी अरुणी सहगल और उसकी पत्नी प्रीति को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, दोनों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अब आखिरी लोकेशन के आधार पर उनके संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है।
अतरसुइया थाना प्रभारी विवेक राय ने बताया कि फरार दंपती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले भी कई इलाकों में पकड़ी जा चुकी हैं बड़ी खेप
कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के मामले में पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। पूरामुफ्ती, धूमनगंज समेत कई थाना क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप की खेप पकड़ी जा चुकी है। इसके बावजूद शहर में इसकी सप्लाई का नेटवर्क सक्रिय रहने से पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।