सैदाबाद। गोसाईपुर गांव में मंगलवार को शहर से निवार्चन का प्रमाणपत्र लेकर लौट रहे जिला पंचायत सदस्य के समर्थकों पर विरोधी प्रत्याशी और उसके लोगों ने हमला बोलकर मारपीट की। लाठी-डंडे और कट्टे से प्रहारकर नौ लोगों को घायल कर दिया। कार और जिप्सी भी तोड़ दी गई। घटना के विरोध में समर्थकों ने जीटी रोड पर चक्काजाम किया तो पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें मनाया पर रात तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई।
सैदाबाद के वार्ड नंबर चार से भाजपा समर्थित प्रत्याशी अभयराज सिंह पटेल जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। वह मंगलवार को शहर में जिला पंचायत कार्यालय से निवार्चन प्रमाणपत्र लेने गए थे। उनके कुछ समर्थक गोसाईपुर में एक ढाबे पर बैठकर स्वागत के लिए आने का इंतजार कर रहे थे। वहीं बगल में पराजित प्रत्याशी संजय गोस्वामी का मकान है। आरोप है कि हार से बौखलाए संजय ने अपनी पत्नी सुनीता, भाइयों सदीप, सतीश तथा दर्जन भर करीबियों समेत अभयराज के समर्थकों को घेरकर लाठी-डंडे और कट्टे के मुठिया से हमला किया। जमकर पीटने के साथ ही वैगन आर कार और जिप्सी में भी तोड़फोड़ कर दी
हमले में आदेश सिंह, निगम सिंह, शिवेंद्र, सोनू यादव, राहुल सिंह, चौधरी चरण सिंह, विकास, अंशू सिंह, विनोद सिंह जख्मी हो गए। भीड़ लगने पर हमलावर भाग गए। इस घटना की जानकारी मिली तो अभयराज के सैकड़ों समर्थकों ने जीटी रोड पर चक्कजाम कर दिया। इसी बीच शहर से अभयराज भी पहुंच गए। लोगों ने पुलिस-प्रशासन विरोधी नारे लगाए। इंस्पेक्टर हंडिया आरके सिंह ने मौके पर आकर लोगों को आश्वासन दिया कि हमलावरों के खिलाफ कार्रवई की जाएघी। तब लोग शांत हुए मगर देर रात तक मुकदमा नहीं लिखा गया था।