थाना क्षेत्र के छतनाग गांव से इलाकाई पुलिस और एसओजी की नारकोटिक्स टीम ने बुधवार को तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से दो दर्जन से ज्यादा चोरी और छिनैती के मोबाइल सेट बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने चोरी की दो बाइक और रुपये भी इनके पास से बरामद किए हैं। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद पकड़े गए लुटेरों को जेल भेज दिया।
झूंसी इंस्पेक्टर शमशेर बहादुर सिंह, चौकी इंचार्ज रहिमापुर योगेश प्रताप सिंह तथा एसओजी के नारकोटिक्स टीम के प्रभारी एसआई महाबीर सिंह को बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर मोबाइल लुटेरे झूंसी के छतनाग गांव में एसटीपी के पास मौजूद हैं। असल में मोबाइल लुटेरे वहां पर लूट की मोबाइल को किसी के हाथ बेचने आए थे। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी तो शातिर चोर बाइक से भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने दौड़ाकर उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए फैजान इदरीशी पुत्र अकबर इदरीशी निवासी लालगंज-मलावां खुर्द थाना सरायइनायत, अमित कुमार भारतीया पुत्र रामचंद्र भारतीया तथा अनिल कुमार भारतीया पुत्र लालबहादुर भारतीया मलावा बुजुर्ग थाना झूंसी के रहने वाले हैं।
लुटेरों के गैंग का सरगना फैजान को बताया गया है। पुलिस ने तीनों को झूंसी थाने लाकर पूछताछ शुरू की तो पता चला कि झूंसी के अलावा शहर के कई इलाकों में मोबाइल लूट और चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। तीनों लुटेरों पर झूंसी समेत अन्य थानों में डेढ़ दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। इनके पास विभिन्न कंपनियों के महंगे एनरायड के साथ ही कीपैड वाले कुल 29 मोबाइल सेट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी की दो बाइक के साथ ही बारह सौ रुपये भी बरामद किए हैं। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद पकड़े गए चोरों को जेल भेज दिया गया।
यात्रियों और राहगीरों से झपटा मारकर छीनते थे मोबाइल
पकड़े गए तीन मोबाइल लुटेरों का सरगना फैजान इदरीशी को बताया गया है। चौकी इंचार्ज योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि फैजान की गैंग में अनिल और अमित भारतीया भी शामिल थे। यह शातिर लुटेरे झूंसी के अलावा सरायइनायत, दारागंज, आलोपीबाग, बालसन चौराहा, अंदावा और सहसो में लूट की वारदात को अंजाम दिया करते थे। फैजान पर झूंसी के अलावां कर्नलगंज, जार्जटाउन, फूलपुर, सरायइनायत थाने में केस दर्ज है। इनके निशाने पर ज्यादातर पैदल मोबाइल लेकर जा रहे लोग हुआ करते थे। लूटे गए मोबाइल सेट को औने-पौने दाम पर देहात क्षेत्र में बेच दिया जाता था।