भाजपा नेता और पूर्व सांसद प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी के समधी राजेंद्र वैश्य की कटरा स्थित ज्वेलरी शॉप से बुधवार को दिनदहाड़े लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी हो गए।
भाजपा नेता और पूर्व सांसद प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी के समधी राजेंद्र वैश्य की कटरा स्थित ज्वेलरी शॉप से बुधवार को दिनदहाड़े लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी हो गए। शातिर चोर ने सोम ऑर्नामेंट्स में पहुंचकर राजेंद्र वैश्य को बातचीत में उलझाया और इसी दौरान आभूषणों से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गया। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। कर्नलगंज पुलिस मामले में राजेंद्र वैश्य ने पुलिस को बताया कि दुकान पर एक युवक आकर बातचीत करने लगा।
विज्ञापन
इसी दौरान उसने मौका पाकर सोने के आभूषणों का डिब्बा उठा लिया। इसके बाद वह दुकान से बाहर निकला और पहले से खड़ी गाड़ी में बैठकर फरार हो गया। चोरी का पता चलते ही दुकान संचालक ने शोर मचाकर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी कुछ ही देर में आंखों से ओझल हो गया। पुलिस को पीड़ित ने बताया कि चोर ने पूरी वारदात को करीब आठ मिनट में अंजाम दिया।
आरोपी के जाने के बाद आभूषणों का डिब्बा गायब मिलने पर हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं, जिसमें दिख रहा है कि युवक ने पहले डिब्बा पैरों के बीच में फंसाया और इसके बाद मौका पाकर शर्ट के अंदर छिपा लिया। पीड़ित ने पुलिस को एफआईआर दर्ज कराने के दौरान सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराई है।
विज्ञापन
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। साथ ही दुकान से बाहर निकलने के बाद आरोपी किस दिशा में गया, इसका पता लगाने के लिए आसपास के कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है, आरोपी की पहचान की जा रही है।