पीएम मोदी के आगमन के मद्देनजर तैयार किया जा रहा है जेटी।
- फोटो : अमर उजाला।
एक दिन पहले होगा पूर्वाभ्यास
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मेला प्रशासन की ओर से एक दिन पहले पूर्वाभ्यास की भी तैयारी की गई है। पंडाल में दो डायस होंगे। एक डायस प्रधानमंत्री के लिए सुरक्षित होगा। ऐसे में रिहर्सल भी दूसरे डायस से ही होगा। प्रधानमंत्री से अरैल से किला घाट तक निषादराज क्रूज से लाने की तैयारी है। इसके अलावा सड़क मार्ग से भी उनके आने की संभावना है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पूर्वाभ्यास किया जाएगा। उसी के अनुसार तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
हर स्तर पर होगी सुरक्षा, हेलीकॉप्टर से निगरानी शुरू
प्रधानमंत्री के लिए जमीन के साथ हवा और जल में भी सुरक्षा चक्र तैयार किया जा रहा है। संगम से अरैल तक गंगा एवं यमुना दोनों ही नदियों में सुरक्षा घेरा रहेगा। सुरक्षा की दृष्टि से शहर नो फ्लाइंग जोन भी रहेगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल की बृहस्पतिवार को आसमान से निगरानी भी शुरू हो गई। सेना के तीन हेलीकॉप्टर ने दो बार संगम तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
पीएम मोदी को संगम तक ले जाने के लिए मंगाया गया क्रूज।
- फोटो : अमर उजाला।
निषादराज पार्क एवं प्रतिमा का करेंगे लोकार्पण
प्रधानमंत्री शृंग्वेरपुर धाम में बने निषादराज पार्क, भगवान राम और निषादराज की गले मिलते प्रतिमा तथा घाट का लोकार्पण करेंगे। वह गंगा रिवर फ्रंट रोड समेत अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री के शृंग्वेरपुर जाने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। हालांकि, अभी तक पीएमओ से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कुछ आया नहीं है। ऐसे में प्रधानमंत्री के शृंग्वेरपुर जाने को लेकर आशंकाएं भी उठने लगी हैं। यदि प्रधानमंत्री शृंग्वेरपुर नहीं जाते हैं तो वहां की निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास संगम नोज पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान ही करेंगे। हालांकि, प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए शृंग्वेरपुर में भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पीएम मोदी के आगमन के मद्देनजर तैयार किया जा रहा पंडाल।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सजेंगे सरकारी कार्यालय
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले शहर के सभी सरकारी भवनों को सजाया जाएगा। भवन फसाड लाइट से भी रोशन किए जाएंगे। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के निर्देश पर सभी विभागों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंडलायुक्त के निर्देश पर कार्यालयों को त्योहार की तरह सजाने की योजना बनाई गई है। प्रमुख चौराहों एवं सड़कों को तो दुल्हन की तरह से सजाया जाएगा। इसके तहत रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जाएंगी। इसकी शुरुआत हो गई है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के तहत शहर तथा घाटों की सफाई पर भी ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री 13 दिसंबर को आएंगे लेकिन मुख्यमंंत्री योगी आदित्यनाथ सात दिसंबर को ही आ रहे। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर तैयारियों को देखेंगे। ऐसे में सात दिसंबर से पहले ही शहर को सजाने की कवायद की जा रही है। मंडलायुक्त ने सभी निर्माण कार्यों को भी समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।