क्षेत्र के बैठकवा गांव में मिट्टी की खोदाई के दौरान जेसीबी पलट गई। जिसके नीचे दबने से जेसीबी मालिक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोरांव के परिसिधिया महुली निवासी कमलेश मौर्य (30) पुत्र कृष्ण चंद्र मौर्य बृहस्पतिवार को जेसीबी लेकर बैठकवा गांव गया था। सुबह 11 बजे चालक जेसीबी चला रहा था, उसी दौरान मिट्टी में जेसीबी धंसने से वह पलट गई और बगल में खड़ा कमलेश घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकालकर निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। पत्नी कल्पना का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की तीन बेटियां रीतू ,काव्य और एक माह की अंशिका है। थानाध्यक्ष कोरांव राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।