रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा की प्रत्याशी रहीं जया प्रदा ने निर्वाचित सांसद मो. आजम खां के निर्वाचन को चुनौती दी है। जया प्रदा शुक्रवार को दिन में करीब 12 बजे अमर सिंह के साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचीं। अमर सिंह अधिवक्ता की ड्रेस में उनके साथ थे। दोनों ने महानिबंधक कार्यालय पहुंचकर चुनाव याचिका दाखिल की।
याचिका में आजम खां पर जौहर विश्वविद्यालय के कुलपति के लाभ के पद पर रहते हुए लोक सभा चुनाव लड़ने का आरोप लगाया है। कहा गया है कि चुनाव के दौरान आजम खां ने धर्म के नाम पर वोट मांगे जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन और भ्रष्ट आचरण है।
याचिका में उनकी सदस्यता समाप्त करने के साथ-साथ आजम खां का लोकसभा चुनाव भी रद्द करने की मांग की गई है। चुनाव याचिका दाखिल करते समय जया प्रदा और अमर सिंह के साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता केआर सिंह भी साथ थे। उल्लेखनीय है कि जया प्रदा ने पहले लखनऊ खंडपीठ में याचिका दाखिल की थी, जिसे अस्वीकार करते हुए लखनऊ पीठ ने उनको प्रधानपीठ इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने के लिए कहा था। इसके बाद जया प्रदा ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है।