मरीजों को दवाएं सस्ती मिल सकें इसके लिए जिले के सभी 22 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में पीएम जन औषधि केंद्र खोलने की तैयारी है। इनमें से कुछ सीएचसी में जन औषधि केंद्र के लिए स्थान निर्धारित कर दिया गया है।
वहीं, अगले 10 दिनों में सोरांव, चाका, सैदाबाद, होलागढ़ और कौड़िहार सीएचसी में जन औषधि केंद्र खोल दिए जाएंगे। जबकि अगले 25 दिनों में बचे हुए 17 सीएचसी में भी इन्हें खोल दिया जाएगा।
इसी महीने में मोती लाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय, तेज बहादुर सप्रू अस्पताल, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय और कौशाम्बी में मंझनपुर जिला अस्पताल में नए जन औषधि केंद्रों से लोगों को दवाएं मिलने लगेंगी।
इसका संचालन करने वाली सागर एजेंसी के पदाधिकारियों ने कहा, कागजी कार्रवाई की प्रक्रिया थोड़ी धीमी है। इस वजह से देरी हो रही है। बाकी कुछ जगहों पर केंद्र संचालन के लिए जगह चिह्नित की जा चुकी है। वहीं, बेली और एसआरएन अस्पताल में जन औषधि केंद्र को नए स्थान पर शिफ्ट किया गया है।
पहली बार कौशाम्बी और प्रयागराज में पीएम जन औषधि केंद्रों के संचालन की जिम्मेदारी सागर एजेंसी को दी गई है। वहीं, पिछले दो महीने से जन औषधि केंद्रों पर दवाओं का स्टॉक खत्म है। जिस वजह से मरीजों को निजी दुकानों से महंगी दवाएं खरीदनी रही हैं। लेकिन, इन केंद्रों के खुलने से उन्हें राहत मिलेगी।
बता दें कि एसआरएन, बेली अस्पताल, कॉल्विन, डफरिन और जिला क्षय रोग विभाग के जन औषधि केंद्रों पर दवाइयों का स्टॉक खत्म हो चुका है। जिस वजह से इन अस्पतालों के केंद्रों पर ताला लटका हुआ है।
बोले संचालक
अस्पतालों व कुछ सीएचसी में पीएम जन औषधि केंद्र खोलने के लिए जगह मिल गई है। जबकि कुछ में काम अंतिम चरण में है। यहां कागजी कार्रवाई बची है। जिसे इसी महीने पूरा करा लिया जाएगा। मई के अंत तक लगभग सभी केंद्र शुरू हो जाएंगे। - कृष्ण कुमार, निदेशक, सागर एजेंसी।