पिता की बेइज्जती का बदला लेने को साथी संग की वारदात
खुल्दाबाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
प्रयागराज। जलकल विभाग के सचिव हरिश्चंद्र बाल्मीकि पर जानलेवा हमला कर्मचारी के बेटे ने किया था। पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए उसने साथी संग मिलकर वारदात की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जलकल सचिव हरिश्चंद्र पर 13 नवंबर की रात हमला हुआ था। दो अज्ञात हमलावरों ने उन्हें उनके घर के भीतर घुसकर बेल्ट से पीटा था। बेरहमी से पिटाई में उनकी आंख व चेहरे पर गंभीर चोट आई। अगले दिन जलकल जीएम की ओर से रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से खुल्दाबाद पुलिस से शिकायत की गई। जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान भुक्तभोगी अफसर ने किसी रंजिश या विवाद के बाबत इंकार किया। जिसके बाद विभागीय विवाद को लेकर पड़ताल शुरू की गई। इसी दौरान पता चला कि कुछ दिन पहले पंप ऑपरेटर उदयनारायण निवासी भुसौली टोला को सचिव ने किसी बात पर जमकर फटकारा था। इस बिंदु पर जांच करते हुए पुलिस आगे बढ़ी तो मामला साफ हो गया। जिसके बाद शनिवार को पंप ऑपरेटर के बेटे अनूप श्रीवास्तव को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने पूरी कहानी बयां कर दी।
बताया कि दुर्व्यवहार किए जाने से दुखी बुजुर्ग पिता घर आकर बिलख पड़े। जिस पर उसका खून खौल उठा। उसके बाद उसने अपने साथी करेली निवासी तुफैल अहमद के संग मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि अनूप प्रॉपर्टी डीलिंग के व्यवसाय से जुड़ा है। दूसरे आरोपी तुफैल का पिता नगर निगम से रिटायर है। खुल्दाबाद इंस्पेक्टर रोशनलाल ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।