इलाहाबाद। पीएम मोदी की पहल पर आईटीआई पास बेरोजगारों को रेलवे अब हुनरमंद बनाएगा। इसके लिए रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है। ऑल इंडिया स्तर पर सभी जोनल रेलवे अपने-अपने क्षेत्र में आईटीआई पास बेरोजगारों के लिए अपरेंटिस ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। एक साल की यह विशेष ट्रेनिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम का ही हिस्सा है।
बता दें कि पीएम मोदी ने 15 जुलाई को विश्व युवा कौशल दिवस के मौके पर स्किल डेवलपमेंट इंडिया कार्यक्रम की शुरूआत की थी। इस कार्यक्रम के शुरू होने के बाद रेलवे से कहा गया था कि वह भी युवाओं को हुनरमंद बनाने की पहल करें। पीएम के निर्देश के बाद ऑल इंडिया स्तर पर रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया कि वह युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए कार्यक्रम बनाये।
इसी के तहत सभी जोनल रेलवे ने अपने-अपने स्तर से बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षित करने का कार्यक्रम बनाया है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) इलाहाबाद ने इसी कड़ी में आईटीआई पास बेरोजगार युवाओं को अपरेंटिस की ट्रेनिंग कराने के संबंध में तैयारी की है। इसके लिए एनसीआर कुल 109 युवाओं को साल भर की फ्री ट्रेनिंग देगा। इस अपरेंटिस कार्यक्रम में फिटर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, वेल्टर (गैस एवं इलै.), पेंटर (सामान्य), कारपेंटर, इलैक्ट्रिशियन पावर, आर्मेचर वाइंडर ट्रेड में आईटीआई पास युवाओं को मौका दिया जाएगा। ट्रेनिंग विद्युत लोको शेड एवं टीएमएस कानपुर में दी जाएगी। कुल 109 सीटों में से सामान्य श्रेणी की 54, ओबीसी की 30, एससी की 16 एवं एसटी की नौ सीटें हैं।
तीन प्रतिशत सीटें विकलांगों के लिए आरक्षित हैं। बेरोजगार युवा अपरेंटिस की ट्रेनिंग के लिए आवेदन 31 अगस्त 2015 तक कर सकते हैं। इसमें चयन प्रक्रिया मेरिट के आधार पर होगी। यदि एक से अधिक अभ्यर्थी दसवीं या समकक्ष परीक्षा में बराबर प्राप्तांक पाते हैं तो मेरिट का निर्णय उनके जन्मतिथि के आधार पर होगा।
इसमें जिस अभ्यर्थी की जन्मतिथि पहले होगी वह दूसरे अभ्यर्थी के ऊपर होगा। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद सभी अभ्यर्थी को महानिदेशक, इंप्लायमेंट एंड ट्रेनिंग, मिनिस्ट्री ऑफ लेबर एंड इंप्लायमेंट, नई दिल्ली द्वारा लिए जाने वाले ट्रेड टेस्ट में शामिल होना पड़ेगा। इसमें उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थी को नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
‘अपरेंटिस ट्रेनिंग पीएम मोदी के स्किल डेवलपमेंट इंडिया कार्यक्रम का हिस्सा है। ट्रेनिंग के लिए अभ्यर्थी डाक द्वारा अपने आवेदन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, कार्मिक शाखा के कार्यालय को भेज सकते हैं।’
बिजय कुमार (सीपीआरओ, एनसीआर)