शुक्रवार को घूरपुर थाना क्षेत्र के चक गौरीशंकर में एक 22 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के समीप से अवैध पिस्टल बरामद की है। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रयागराज के लालापुर थाना क्षेत्र के गोबरा तरहार निवासी रेवती रमण शुक्ला का बेटा साहिल शुक्ला (22) घूरपुर थाना क्षेत्र के चक गौरीशंकर निवासी लक्ष्मीकांत तिवारी के यहां रहकर नैनी कोतवाली क्षेत्र के ओपेक्स आईटीआई में व्यवसायिक प्रशिक्षण ले रहा था। लक्ष्मीकांत तिवारी मृतक साहिल के फूफा हैं, उनका गांव के समीप ही एक अंग्रेजी माध्यम का स्कूल है।
साहिल इसी स्कूल के एक कमरे में रहता था। शुक्रवार की सुबह वह अपने फूफा के स्कूल में मौजूद था। स्कूल में ही संदिग्ध परिस्थितियों में उसे गोली लग गई। स्कूल स्टाफ से जानकारी पाकर लक्ष्मीकांत तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे तो साहिल खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। उसके सिर से खून रिस रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र के शव के पास ही एक तमंचा बरामद किया। पुलिस के अनुसार तमंचे में कारतूस का खोखा फंसा था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या किसी ने युवक को गोली मारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।