भाजपा काशी क्षेत्र के प्रभारी व राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्या ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल को एम्स का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने राज्यसभा में कहा कि प्रयागराज एक आध्यात्मिक प्रशासनिक और न्याय का केंद्र है। यह प्रदेश का ऐसा हब है जो पूर्वांचल को बुंदेलखंड एवं मध्य भारत से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में कौशाम्बी, प्रतापगढ़, भदोही, मिर्जापुर, जौनपुर के साथ बुंदेलखंड के चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, मध्य प्रदेश के सतना, रीवा आदि जिलों के लोग इलाज के लिए आते हैं। इसलिए जरूरी है कि स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल को एम्स का दर्जा दिया जाए।