कामाख्या रेलवे स्टेशन पर आइसोलेशन कोच
- फोटो : ANI
- जंक्शन के प्लेटफार्म-6 एवं सूबेदारगंज के प्लेटफार्म-4 को किया गया चिह्नित
कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए रेलवे द्वारा बनाए जा रहे आइसोलेशन कोच तैयार होने के बाद कहां रखे जाएंगे, उसका निर्धारण कर लिया गया है। उत्तर मध्य रेलवे के दस प्रमुख रेलवे स्टेशनों के अलग-अलग प्लेटफार्म पर इन कोचों को रखा जाएगा। इन दस स्टेशनों में प्रयागराज जंक्शन और सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन भी शामिल है।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा कुल 290 आइसोलेशन कोच तैयार किए जाने हैं। इसमें से 30 कोच प्रयागराज स्थित रेलवे के कोचिंग डिपो में तैयार किए जा रहे हैं। शेष अन्य कोच का निर्माण कानपुर, आगरा एवं झांसी में चल रहा है। इन कोचों के लिए एनसीआर के दस स्टेशनों के विभिन्न प्लेटफार्म तय किए गए हैं।
एनसीआर के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर छह, सूबेदारगंज के प्लेटफार्म नंबर चार, कानपुर सेंट्रल के प्लेटफार्म नंबर नौ, टूंडला के प्लेटफार्म नंबर पांच, अलीगढ़ में प्लेटफार्म नंबर सात, आगरा कैंट में प्लेटफार्म नंबर छह, आगरा फोर्ट में प्लेटफार्म नंबर पांच, मथुरा जंक्शन में प्लेटफार्म नंबर सात, झांसी में प्लेटफार्म नंबर छह एवं ग्वालियर के प्लेटफार्म नंबर चार पर इन आइसोलेशन कोच को खड़ा किया जाएगा।