इलाहाबाद (ब्यूरो)। ईश्वर शरण डिग्री कालेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए बुधवार को 24 छात्रों ने नामांकन किया। सबसे अधिक अध्यक्ष पद के लिए आठ नामांकन हुए। नामांकन करने छात्र ढोल-नगाडे़ के साथ पहुंचे। हालांकि परिसर के भीतर प्रत्याशी के अलावा प्रस्तावक और समर्थक को ही जाने दिया गया। नामांकन के दौरान वहां भारी संख्या में फोर्स तैनात रही। बृहस्पतिवार को प्रत्याशी नाम वापस तथा आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
नामांकन दिन में 10 से 12 बजे के बीच हुआ। अध्यक्ष पद के लिए इमरान अली, अभिषेक कुमार शुक्ला, अखिलेश सिंह यादव, अविनाश सिंह, अंकित मिश्रा, शनी शुक्ला, अखिलेश यादव और आयुष सिंह ने नामांकन किया। इसा तरह अध्यक्ष पद के लिए अखिलेश सिंह यादव और अखिलेश यादव एक ही नाम के दो छात्र नेताओं ने नामांकन किया। इसे लेकर तनाव भी बन गया है। उपाध्यक्ष पद के लिए विशाल निषाद, दुर्गेश कुमार दुबे, सिद्धार्थ, सुमित कुमार सिंह, आशीष कनौजिया ने नामांकन किया। महामंत्री पद के लिए भी पांच छात्रों निर्भय अरुन कुमार, कमल किशोर तिवारी, आदर्श शुक्ला, प्रियांशु सिंह, अनुपम मिश्रा ने नामांकन किया।
संयुक्त मंत्री के लिए दो छात्राें कपिल पटेल और शैलेष राय तथा सांस्कृतिक सचिव के लिए चार छात्र नेताओं रविंद्र कुमार, यशार्थ श्रीवास्तव, आशीष यादव, अनिल कुमार मद्धेशिया ने नामांकन किया। चुनाव अधिकारी डॉ.मान सिंह ने बताया कि छात्र बृहस्पतिवार को दिन में 11 से 12 बजे के बीच नाम वापस तथा आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। प्रत्याशियों से प्रमाण के साथ आपत्ति दर्ज कराने के लिए कहा गया है। चुनाव कोर कमेटी की बैठक में नामांकन पत्रों की जांच के बाद दिन में चार बजे वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी।