यात्रियों के लिए राहत भरी खबर। अब स्टेशन के साथ यात्रियों को ट्रेनों में भी सस्ती दरों में खाना उपलब्ध होगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। यह संभव होगा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) के ‘रेडी टू ईट ’ के माध्यम से। दरअसल आईआरसीटीसी ने रेडी-टू-ईट आइटम के दाम तय कर दिए हैं। अक्तूबर माह से उत्तर मध्य रेलवे (जोन) में यह व्यवस्था लागू होने की संभावना है।
लंबे समय से रेलवे की तैयारी चल रही थी कि यात्रियों को उनकी पसंद का खाना ट्रेनों में खाना उपलब्ध करा दिया जाए। अब आईआरसीटीसी के माध्यम से यात्रियों को खाना रेडी-टू-ईट योजना के तहत दिया जाएगा। इसमें दाल-चावल के रेट 32 रुपये प्रति प्लेट निर्धारित किया गया है। इसके अलावा चावल-राजमा 40 रुपये में, मटर-पनीर 45 में, उपमा 40 में, चिकन बिरयानी का दाम 50 रुपये निर्धारित किया गया है। आईआरसीटीसी का दावा है यात्रियों को सस्ता एवं गुणवत्ता पूर्ण खाना दिया जाएगा।
आईआरसीटीसी के अफसरों का कहना है कि यह सुविधा अक्तूबर माह से उपलब्ध कराए जाने की योजना है। इसके तहत यात्री आईआरसीटीसी की टिकट बुकिंग वेबसाइट पर भी खाने का आर्डर दे सकेंगे। रेलवे की पूछताछ सेवा 139 पर रेडी-टू-ईट योजना के तहत खाने का आर्डर दिया जा सकता है। इसके लिए यात्रियों को बुकिंग के वक्त अपने पीएनआर नंबर एवं बर्थ आदि की जानकारी देनी होगी। ट्रेन के संबंधित स्टेशन पर पहुंचने से कम से कम दो घंटे पहले तक ही खाने का आर्डर दिया जा सकेगा।