इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी ) ने नए वर्ष के मौके पर गोवा के लिए हवाई यात्रा पैकेज लांच किया है। चार दिन और तीन रात का यह पैकेज 25 से 28 जनवरी तक का है। इसमें हवाई यात्रा के साथ ही गोवा में रहने, खाने एवं घूमने का प्रबंध आईआरसीटीसी द्वारा ही किया जाएगा।
यात्रियों को इसके लिए सिर्फ लखनऊ जाना होगा। वहां से गोवा जाने एवं आने की फ्लाइट से व्यवस्था की गई है । साथ ही वहां ठहरने के लिए तीन सितारा होटल में व्यवस्था की गई है। गोवा में स्थानीय भ्रमण एसी वाहन द्वारा कराया जायेगा। वहां मुख्य रूप से मंगूशी मंदिर, अगुआडा किला, अंजुना बीच, बेंज सेलिब्रिटी मोम संग्रहालय, बेसिलिका ऑफ बोन जीसस चर्च, मीरामार बीच, सायंकाल मांडवी नदी पर क्रूज, बागा बीच, कैण्डोलिम बीच, एवं स्नो पार्क का भ्रमण कराया जाएगा।
आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत सिन्हा ने बताया कि तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य 36300, दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर 37100 और एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का मूल्य 44700 है। इस पैकेज की बुकिंग पहले आओ पहले पाओ के आधार पर की जायेगी। आईआरसीटीसी की बेवसाइट www.irctctourism.com से ऑनलाइन बुकिंग करवाई जा सकती है।