एक साथ शुरू होती है ऑनलाइन और काउंटर से बुकिंग
रेलवे में अग्रिम आरक्षण के तहत यात्रा से 60 दिन पहले टिकट बुक करने की सुविधा है। वहीं, तत्काल कोटे के टिकट यात्रा से एक दिन पहले निर्धारित समय पर जारी किए जाते हैं। तत्काल के अलावा महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों और अन्य निर्धारित श्रेणियों के लिए भी अलग-अलग प्रावधान हैं।
ऑनलाइन पोर्टल और रेलवे आरक्षण काउंटरों पर एक साथ बुकिंग शुरू होने के कारण तत्काल कोटे की सीटों के लिए भारी प्रतिस्पर्धा रहती है। चंद मिनटों में ही सीटें भर जाती हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि लाखों की संख्या में टिकट बुक करने वाले ऑनलाइन उपयोगकर्ता हों या रेलवे के आरक्षण काउंटर, सभी जगह एक साथ बुकिंग शुरू होती है। इसी वजह से कुछ ही मिनटों में तत्काल कोटे के टिकट बुक हो जाते हैं। आरक्षण काउंटरों पर दलालों को भी भटकने नहीं दिया जाता।
अवैध सॉफ्टवेयर में नहीं पड़ती कैप्चा की जरूरत, सेकंडों में टिकट बुक
हाल ही रेलवे टिकटिंग स्कैम (अवैध सॉफ्टवेयर और तत्काल टिकट घोटाले) की पृष्ठभूमि पर आधारित एक वेब सीरीज रिलीज हुई। इसमें रेलवे वेबसाइट को हैक करके अवैध रूप से तत्काल टिकट निकालने का सॉफ्टवेयर बनाने की बात दिखाई गई है।
वेब सीरीज जो दिखाया गया वह सही है या नहीं, वह अलग बात है लेकिन ऐसी आशंका है कि अवैध एजेंट सक्रिय रूप से हाई-स्पीड सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से कई ऐसे सॉफ्टवेयर हैं जिनमें टिकट बुक करते समय कैप्चा कोड भरने की भी जरूरत नहीं पड़ती।
बताया जा रहा है कई प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर अवैध एजेंट धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। उच्च गति वाले इन अवैध सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल और दलालों के दखल के कारण आम यात्री जो सुबह से ही तत्काल टिकट की लाइन में लग जाता है या फिर मोबाइल या लैपटॉप से टिकट बुक करने जाता है तो उसे प्रतीक्षा सूची के अलावा और कुछ नहीं मिलता।
नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ के मंडल मंत्री चंदन सिंह का कहना है कि प्रतिबंधित और हाई-स्पीड सॉफ्टवेयर के साये के कारण आम लोगों को वैध तरीके से कोशिश करने के बावजूद कंफर्म तत्काल टिकट मुहैया नहीं हो पा रहा है। रेलवे प्रशासन कुछ ऐसी व्यवस्था करे कि इन अवैध सॉफ्टवेयर का टिकट बनाने के लिए कोई भी प्रयोग न कर सके।