कोविड-19 से सुरक्षा के लिए रेलकर्मियों को एक खास किस्म की यूनिफार्म दी जाएगी। इसकी शुरूआत उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज, झांसी एवं आगरा मंडल और उत्तर रेलवे के लखनऊ, मुरादाबाद समेत पांच मंडलों में कार्यरत टीटीई से होगी। इस यूनिफार्म की खास बात यह रहेगी कि उसमें किसी भी तरह के वायरस का असर नहीं रहेगा। यह ड्रेस एनसीआर के पूर्व डिप्टी सीसीएम एवं उत्तर रेलवे दिल्ली मंडल के सीनियर डीसीएम प्रवीन कुमार की देखरेख में तैयार की गई है। एनसीआर जोन को इस यूनिफार्म के 50 सैंपल भी मिल गए हैं।
दरअसल, रेलवे के फ्रंट लाइन स्टाफ में टीटीई ही ऐसे कर्मचारी है जो लगातार यात्रियों के संपर्क में आते हैं। कोविड-19 के दौरान एनसीआर में कार्यरत अब तक दो दर्जन के आसपास टीटीई कोरोना पॉजीटिव भी पाए गए। कोविड-19 से टीटीई सुरक्षित रहे इसके लिए जीएम एनसीआर राजीव चौधरी के निर्देश पर रेलवे ने टीटीई के लिए ऐसी यूनिफार्म तैयार की है जिस पर कोरोना वायरस का असर नहीं होगा।
वायरस प्रूफ स्पेशल यूनिफार्म तैयार होने के बाद उसके 50 सैंपल भी उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन को मिल चुके हैं। उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने यह ड्रेस प्रयागराज, झांसी एवं आगरा मंडल के टीटीई को उपलब्ध करवाने की तैयारी की है। यह यूनिफार्म एक खास फैब्रिक से तैयार की गई है। एनसीआर के महाप्रबंधक राजीव चौधरी के पास उत्तर रेलवे का भी चार्ज है। इस वजह से यह यूनिफार्म एनसीआर के तीन मंडलों के साथ ही उत्तर रेलवे के लखनऊ, मुरादाबाद, अंबाला, फिरोजपुर और दिल्ली मंडल में कार्यरत टिकट चेकिंग स्टाफ को भी मुहैया करवाई जाएगी।
- कोविड-19 से बचाव के लिए एनसीआर के साथ उत्तर रेलवे में कार्यरत सभी टिकट चेकिंग स्टाफ को वायरस प्रूफ यूनिफार्म उपलब्ध करवाई जाएगी। क्योंकि चेकिंग स्टाफ लगातार यात्रियों के संपर्क में रहता है। इसलिए उनकी सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। -राजीव चौधरी, महाप्रबंधक, एनसीआर एवं एनआर