प्रयागराज रामबाग से गोरखपुर के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिल सकती है। बताया जा रहा है कि इसी वित्तीय वर्ष गोरखपुर के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाए जाने का ऐलान रेलवे का कर सकता है। ट्रेन का संचालन वाया वाराणसी, देवरिया होगा। इसकी समय सारिणी भी तकरीबन तैयार हो चुकी है।
प्रयागराज रामबाग से गोरखपुर के लिए सुबह के समय कोई ट्रेन नहीं है। इस वजह से यात्री लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि गोरखपुर के लिए वाराणसी होतेे हुए सीधी ट्रेन चले। बताया जा रहा है कि रेलवे बोर्ड स्तर तक यह मामला पहुंचने के बाद बोर्ड ने भी इस ट्रेन के संचालन के लिए हरी झंडी दिखा दी है।
इसकी संभावित समय सारिणी को लेकर कहा जा रहा है कि ट्रेन सुबह छह बजे रामबाग से चलकर दोपहर डेढ़ बजे तक गोरखपुर पहुंच जाएगी। वापसी में तीन बजे चलकर ट्रेन रात 10.30 बजे वापस रामबाग आ जाएगी। इसे लेकर पीआरओ वाराणसी अशोक कुमार का कहना है कि अभी ट्रेन संचालन की जानकारी उन्हें नहीं मिली है। यह बात सही है कि इसकी डिमांड यात्री जरूर कर रहे हैं।