पुलिस ने अंतर जनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच कारें बरामद की हैं। इसके साथ ही गिरोह के चार सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है। बरामद वाहनों में से चार शहर से चुराए गए थे जबकि एक वाहन जौनपुर से चोरी किया गया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार चारों अभियुक्तों को फूलपुर में बीबीपुर तिराहे के पास से पकड़ा गया। इनमें जौनपुर के नईगंज निवासी एजाज पठान उर्फ ताज मोहम्मद, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सरैया गोविंदपुर निवासी चन्दन कुमार उर्फ भानू, मुजफ्फरपुर के ही रौशन पानापुर गांव निवासी रविश कुमार, बिहार के मनियारी बंगड़ा बाजिद गांव निवासी असरफ अली शामिल हैं। इनके कब्जे से चार बोलेरो व एक टवेरा बरामद की गई है। जिनमें से दो वाहन जार्जटाउन व सिविल लाइंस से उड़ाए गए थे। एक -एकवाहन बहरिया और फूलपुर से चोरी किया गया था।