नगर पंचायत अध्यक्ष से बदसलूकी व धक्का देने के मामले में थाना प्रभारी कोरांव को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
बता दें कि बीते 16 मई को कक्षा नौ की छात्रा स्कूल जाते समय लापता हो गई थी। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। बीते बुधवार सुबह छात्रा अपने घर लौटी तो पुलिस घर से लड़की और परिजनों को थाने ले आई।
इस दौरान मां को बेटी से न मिलवाने व अभद्रता करने की जानकारी जब चेयरमैन ओम प्रकाश केशरी को हुई तो वे थाने पहुंच गए थे। आरोप है कि वहां पर कोरांव थाना प्रभारी राकेश वर्मा, महिला उपनिरीक्षक कृष्णा सोनी, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार व उपनिरीक्षक सेवा लाल ने उनके साथ बदसलूकी की थी।
इसके बाद चेयरमैन ओम प्रकाश केशरी ने डीसीपी यमुनानगर को मामले की जानकारी दी। शुक्रवार को एसपी मेजा एसपी उपाध्याय ने बताया कि कार्याें में लापरवाही पर थाना प्रभारी राकेश वर्मा को लाइन हाजिर कर सत्येंद्र कुमार को थाना प्रभारी बनाया गया।