Inspector civil lines line spot on giving incorrect location
- फोटो : अमर उजाला
थाने में मौजूद रहकर गलत लोकेशन बताना व अफसरों को गुमराह करना इंस्पेक्टर सिविल लाइंस को भारी पड़ा। एसएसपी ने बृहस्पतिवार रात इंस्पेक्टर राकेश चौरसिया को लाइन हाजिर कर दिया। हालांकि एसएसपी का कहना है कि प्रशासनिक आधार पर पुलिस व्यवस्था के कुशल संचालन के लिए यह कार्रवाई हुई।
करेली में बृहस्पतिवार रात हुई फायरिंग की घटना के बाद 11.30 बजे के करीब एसएसपी खुद मौके पर पहुंचे थे। वहां से लौटते वक्त वह सिविल लाइंस थाने के सामने से होकर गुजरे। इस दौरान थाने में खड़ी सरकारी जीप देखकर वह चौंक गए। सूत्रों की मानेें तो इसके बाद उन्होंने कंट्रोल को निर्देश देकर इंस्पेक्टर की लोकेशन पता कराई। जिस पर इंस्पेक्टर की ओर से बताया गया कि वह गश्त पर हैं। यह पूछने पर कि सरकारी वाहन तो थाने में खड़ा है, उनका कहना था कि वह प्राइवेट गाड़ी से गश्त कर रहे हैं।
जांच कराई गई तो पता चला कि उन्होंने गलत जानकारी देकर उच्चाधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की। जिसके बाद उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया। सूत्रों की मानेें तो इससे पहले भी रात्रिगश्त को लेकर उन्हें कई बार चेताया गया था लेकिन उनके रवैये में कोई सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद उन पर यह कार्रवाई की गई।
रात्रिगश्त को लेकर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस को पहले भी चेताया गया था। बृहस्पतिवार को भी 11.30 बजे सरकारी वाहन थाने में खड़ा मिला। पहले भी उन्हेें चेतावनी दी जा चुकी थी। पुलिस व्यवस्था के कुशल संचालन के लिए प्रशासनिक आधार पर उन्हें लाइन हाजिर किया गया है।
अन्य भी कई थानेदार करते हैं खेल
आवास या कार्यालय में बैठकर गलत लोकेशन देने के खेल में कई अन्य इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। अक्सर ऐसा होता है कि चालक व हमराही सरकारी वाहन लेकर गश्त करते हैं जबकि थाने के प्रभारी आराम फरमाते हैं। कंट्रोल से लोकेशन पूछे जाने पर चालक व हमराही लोकेशन बताकर शांत बैठ जाते हैं। सूत्रों की मानें तो कुछ मामलों में शिकायत भी कंट्रोल तक पहुंची लेकिन उच्चाधिकारियों तक बात न पहुंचने के कारण कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि इंस्पेक्टर सिविल लाइंस पर हुई कार्रवाई के बाद प्रभारियों में हड़कंप मचा है।