Innocent's life lost in fights of elders
करमा। घूरपुर थाना क्षेत्र करमा स्थित पहलू का पूरा गांव में शुक्रवार की दोपहर सुनील पटेल और उसकी पत्नी श्यामकली के बीच झगड़े में पांच महीने की बच्ची जमीन पर गिर गई। सिर में चोट लगने से बच्ची की मौके पर मौत हो गई। श्याम कली और उसके परिजनों का आरोप है कि देवर ने बच्ची को जमीन पर पटक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। थाने पर तहरीर दी गई है। पुलिस जांच कर रही है। सुनील ने श्यामकली पर ही बच्ची को फेंकने का आरोप लगाया है।
पहलू का पूरा गांव के रहने वाले सुनील पटेल उसकी पत्नी श्याम कली के बीच शुक्रवार की सुबह पैसों को लेकर झगड़ा होने लगा। बात बढ़ी तो मारपीट शुरू हो गई। श्याम कली की गोद में पांच महीने की बेटी थी। मारपीट होता देख देवर धर्मेंद्र पटेल भी बीच बचाव के लिए पहुंच गया। इसी दौरान न जाने क्या हुआ। बच्ची जमीन पर गिर गई। सिर में चोट लगने से उसकी सांसें थम गई। बच्ची की मौत से घर में कोहराम मच गया। आरोपों प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया।
श्याम कली ने देवर धर्मेंद्र पर आरोप लगा दिया कि झगड़े के दौरान उसने गोद से छीनकर बच्ची को जमीन पर पटक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर श्याम कली के मायके वाले पहुंच गए। इसके बाद झगड़ा और बढ़ गया। पति सुनील ने श्याम कली पर ही बच्ची को फेंकने का आरोप लगाया। करछना से आए मायके वालों ने कुछ देर बाद धर्मेंद्र पटेल के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी। पुलिस ने रिपोर्ट तो नहीं दर्ज की लेकिन जांच शुरू कर दी है। बयान लिए जा रहे हैं। एसओ घूरपुर का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने पर ही कार्रवाई की जाएगी।