प्रयागराज से इंदौर और रायपुर की उड़ान एक बार फिर से शुरू होगी। नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए ) के समर शेड्यूल में इन दोनों उड़ान को शामिल किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। अप्रैल 2024 के पहले सप्ताह से इन दोनों शहरों के लिए एक बार फिर से उड़ान शुरू हो सकती है।
प्रयागराज से इंदौर और रायपुर की उड़ान पिछले वर्ष अक्तूबर माह में डीजीसीए के विंटर शेड्यूल लागू होने के बाद ही बंद हुई। दोनों ही शहरों की सीधी उड़ान अचानक बंद होने का मामला तब एयरपोर्ट सलाहकार समिति की अध्यक्ष केशरी देवी पटेल ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष उठाया। मंत्रालय तक मामला पहुंचने के बाद इंडिगो प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि विमान सेवा शुरू की जाएगी। फिलहाल डीजीसीए के समर शेड्यूल में प्रयागराज से इंदौर और रायपुर उड़ान को शामिल किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है।
समर शेड्यूल लागू होते ही इंडिगो द्वारा इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इंदौर और रायपुर के लिए इंडिगो पहले की तरह एटीआर श्रेणी यानी 72 सीट वाले ही विमान का संचालन करेगा। बता दें डीजीसीए के समर शेड्यूल में दिल्ली के लिए आकासा एयरलाइंस भी विमान सेवा शुरू करने जा रहा है। प्रयागराज से आकासा की यह पहली सेवा रहेगी, जबकि ओवरऑल प्रयागराज वालों को दिल्ली के लिए तीसरी उड़ान मिल जाएगी।