देश में निर्मित पहली स्वदेशी ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस (टी-18) के लिए रेलवे ने एक ऐप तैयार किया है। यह पहला मौका है कि जब भारतीय रेलवे ने किसी ट्रेन के लिए ऐप बनाया है। इस ऐप में वंदे भारत की तमाम खूबियां तो बताईं गईं हैं, साथ ही इसके माध्यम से आने वाले समय में यात्री अपना टिकट भी बुक करा सकेंगे। खास बात यह कि इस ऐप को उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जोन ने तैयार किया है।
इसका प्रस्तुतिकरण एनसीआर के महाप्रबंधक राजीव चौधरी एक दो दिन में रेलवे बोर्ड के समक्ष करेंगे।पिछले दिनों वंदे भारत का रूट तय होने के बाद एनसीआर को रेलवे बोर्ड ने एक खास ऐप बनाने की जिम्मेदारी दी थी। दरअसल, पहली स्वदेशी ट्रेन वंदे भारत की खासी ब्रांडिंग की गई है। इसका संचालन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच होना है, जो आठ घंटे में यह दूरी तय करेगी।
चेन्नई स्थित आईसीएफ में बनी वंदे भारत के कोच अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इन सुविधाओं के बारे में रेलवे की ओर से बनाए गए ऐप में बताया गया है। ऐप के माध्यम से वंदे भारत एक्सप्रेस का टिकट बुक कराने की भी सुविधा यात्रियों को दी जाएगी। इसके अलावा इसमें तमाम अन्य फीचर भी हैं, जो अभी रेलवे ने गोपनीय रखे हैं। रेलवे बोर्ड की एडीजी पीआर स्मिता वत्स शर्मा ने ऐप बनाए जाने की बात तो कही, लेकिन यह भी जोड़ा कि इसके फीचर आने वाले दिनों में लोगों को मालूम पड़ जाएंगे।
एनसीआर महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने बताया कि, बोर्ड ने एनसीआर को वंदे भारत के लिए ऐप बनाने की जिम्मेदारी दी थी। इसका प्रस्तुतिकरण रेलवे बोर्ड में किया जाना है। उसके बाद ही ऐप का नाम और फीचर सार्वजनिक किए जाएंगे।