Indecency with health workers for corona investigation
प्रयागराज। करेली में कोरोना जांच को गए स्वास्थ्यकर्मियों से अभद्रता की गई। एक शख्स विरोध करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक बड़े बुजुर्गों ने मामला शांत करा दिया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि कोई शिकायत नहीं मिली है। घटना दोपहर 12 बजे के करीब हुई। करेली के गंगागंज मोहल्ले में कोरोना जांच के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की एक टीम ने कैंप लगाया था। जांच चल ही रही थी कि इसी दौरान एक शख्स ने स्वास्थ्यकर्मियों से विवाद कर लिया। गालीगलौज करते हुए वह मारपीट पर उतारू हो गया जिसकी सूचना पर पुलिस पहुंच गई। तब तक मोहल्ले के कई अन्य लोग आ गए जिन्होंने मामला शांत करा दिया। करेली इंस्पेक्टर ने बताया कि सूचना पर पुलिसकर्मी गए थे जहां पता चला कि विवाद करने वाला शख्स जांच कराने से इंकार कर रहा था। उसका कहना था कि वह पहले ही जांच करा चुका है। हालांकि मामला शांत करा दिया गया था। किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।