आयकर विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस स्थित एक कोचिंग संस्थान पर छापा मारा। विभागीय टीम को देखते ही वहां अफरातफरी मच गई। इस दौरान टीम ने वहां तमाम दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू की। कंप्यूटर आदि को खंगाला गया। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग राजस्थान की सूचना पर विभागीय टीम की यह कार्रवाई जयपुर, जोधपुर, इंदौर, दिल्ली समेत कुछ अन्य शहरों में एक साथ हुई। प्रयागराज में कोचिंग की शाखा में दिन भर जांच चलती रही।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को जानकारी मिली थी कि कोचिंग संस्थान द्वारा इनकम कम दिखाई जा रही है। उक्त कोचिंग की देशभर में फैली तमाम शाखाओं में करोड़ों की आयकर चोरी का अनुमान लगाया गया। जांच में भी प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं कि कोचिंग संस्थान द्वारा छात्रों से ली गई फीस को कम दिखाया जा रहा है। प्रयागराज के एडिशनल डायरेक्टर (जांच) अतुल पांडेय के निर्देश पर इनकम टैक्स की टीम ने कार्रवाई की है। टीम ने संस्थान के कंप्यूटर, लैपटॉप, रजिस्टर और अन्य दस्तावेज पहले कब्जे में लिए हैं।
देर रात तक जांच प्रक्रिया चलती रही। इस दौरान वहां कार्यरत कुछ कर्मचारियों एवं सेंटर हेड से भी पूछताछ हुई। बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। बता दें पिछले माह ही आयकर विभाग की टीम ने सिविल लाइंस और कर्नलगंज स्थित एक-एक नर्सिंग होम में सर्वे किया था। वह कार्रवाई 50 घंटे से अधिक समय तक चली थी, हालांकि उसकी जांच रिपोर्ट विभागीय टीम ने अभी तक जारी नहीं की है।