आज शाम से वनवे होगा लखनऊ हाईवे
शाम छह बजे से लागू होगी ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था
कल एमजी मार्ग, पुराने शहर में नहीं चलेंगे ऑटो-ईरिक्शा
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। मौनी अमावस्या पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी गई है। उधर बृहस्पतिवार शाम से लखनऊ हाईवे वनवे कर दिया जाएगा। जिसके बाद शहर से इस मार्ग पर वाहन केवल जा सकेंगे। आने के लिए उन्हें नवाबगंज-कोखराज बाईपास से धूमनगंज का रास्ता चुनना होगा।
बृहस्पतिवार रात 10 बजे से एमजी मार्ग पर सीएमपी कॉलेज के आगे चारपहिया वाहन ले जाने पर भी रोक रहेगी। जबकि पर्व के दिन एमजी मार्ग, पुराने शहर क्षेत्र व जवाहर लाल नेहरू रोड पर ऑटो-ई रिक्शा संचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले जिले में भारी कॉमर्शियल वाहनों का प्रवेश बुधवार सुबह पांच बजे से रोक दिया गया। यह प्रतिबंध 26 जनवरी रात 10 बजे तक लागू रहेगा। रेलवे स्टेशन पर भी शाम छह बजे से सिविल लाइंस साइड से प्रवेश पर रोक लगा दी गई। यह व्यवस्था 25 जनवरी दोपहर 12 बजे तक लागू होगी।
विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
- लखनऊ-प्रतापगढ़ की ओर से आने वाले चारपहिया वाहन 23 जनवरी की सुबह पांच से शाम छह बजे तक बघाड़ा कछार पार्किंग में खड़े होंगे।
- प्रतापगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को 23 जनवरी कि शाम 6ऱ्00 बजे से सोरांव बाईपास से मोड़कर कोखराज बाईपास, धूमनगंज की ओर से शहर क्षेत्र में लाया जाएगा या फिर सहसों बाईपास की ओर से मोड़कर झूंसी मेला क्षेत्र की ओर लाया जाएगा।
- मिर्जापुर या रीवा मार्ग की ओर से आने वाले चारपहिया वाहन 23 जनवरी की शाम 6ऱ्00 बजे से नवप्रयागम पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे।
-जौनपुर-वाराणसी मार्ग की ओर से आने वाले चारपहिया वाहन 23 जनवरी की शाम 6ऱ्00 बजे से कटरा तिराहे से आगे नहीं आने दिए जाएंगे। इस मार्ग के वाहन चीनी मिल पार्किंग में पार्क होंगे।
- झूंसी में रहने वाले नागरिक दोपहिया वाहन 24 जनवरी को रात 10ऱ्00 बजे तक महुआबाग पार्किंग में पार्क कर मेला क्षेत्र में जाएंगे।
- शहरी क्षेत्र की ओर से मेला जाने वाले तीर्थयात्रियों के वाहन 22 से 23 जनवरी की रात 9ऱ्00 बजे तक पांटून पुल वर्कशॉप, अलोपी देवी मंदिर, अलोपीदेवी पार्किंग(गल्ला मंडी), पांटून पुल वर्कशाप, 17 नंबर प्लॉट पार्किंग तक जाएंगे।