हनुमानगंज के सराय नूरुद्दीनपुर गांव में जलजीवन मिशन के तहत बनी अधूरी पानी की टंकी। फोटो संवाद
बहादुरपुर विकास खंड के सराय नूरुद्दीनपु र(उर्दीसराय) गांव में जल जीवन मिशन के तहत प्रस्तावित पेयजल योजना तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। तय समय सीमा में कार्य नहीं पूरा होने से ग्रामीणों की उम्मीदें टूटती नजर आ रही हैं।
वर्ष 2022- 23 में स्वीकृत इस योजना का निर्माण कार्य 2025 तक पूर्ण होना था। योजना के अंतर्गत सराय नूरुद्दीनपुर गांव में तीन वर्ष में टंकी का ढांचा ही बन सका है। इसके अलावा ट्यूबवेल के लिए बोर किया गया पर कई बार कंप्रेशर चलाने के बावजूद भी बोर सफल नहीं हुआ।
कार्यदायी संस्था द्वारा दोबारा बोर करने के लिए कहा गया पर अभी तक बोर नहीं किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में अभी तक पाइप लाइन तक नहीं बिछाई गई। योजना में लापरवाही की शिकायत जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से की लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीण रामेंद्र, मन्ना, धर्मेंद्र, वीर बहादुर, रामू का कहना है कि योजना की धीमी गति में तेजी लानी जरूरी है। ताकि गांव के लोगों को जल जीवन मिशन के तहत स्वच्छ जल मिल सके। अधिशासी अभियंता जल निगम प्रवीण कुट्टी ने बताया योजना में करीब डेढ़ वर्ष से फंड नहीं होने के कारण काम रुका हुआ है। अब शासन से फंड मिलना शुरू हुआ है। फरवरी से अधूरे कार्य पूरे किए जाएंगे।
हनुमानगंज के सराय नूरुद्दीनपुर गांव में जलजीवन मिशन के तहत बनी अधूरी पानी की टंकी। फोटो संवाद