इलाहाबाद में जल्द ही सीएनजी से ऑटो, टेंपो एवं बसें चलनी शुरू हो जाएगी। शहर में इसी माह इंडियन ऑयल अडानी गैस के दो सीएनजी फिलिंग स्टेशन तैयार हो जाएंगे। अभी यह काम रेलवे द्वारा सोहबतिया बाग ब्रिज के नीचे पाइप लाइन बिछाने की एनओसी न देने के कारण अटका हुआ था। अब रेलवे ने एनओसी दे दी है। इसके तैयार होते ही शहर में सीएनजी वाले आटो, टैक्सी आदि का संचालन शुरू हो जाएगा। चर्चा है कि शहर में 1600 नये ऑटो चलेंगे। जबकि वर्तमान समय जो डीजल वाले ऑटो, टेंपो आदि चल रहे हैं उसमें अनिवार्य रूप से सीएनजी किट लगवानी होगी। सीएनजी किट न लगा पाने की स्थिति में उनका संचालन शहर के बाहर ही होगा।
पहले 10 अक्तूबर से शुरू होना था संचालन
संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की नौ अगस्त 2016 को हुई बैठक में तय हुआ था कि शहर में 10 अक्तूबर से सीएनजी वाले ही ऑटो, टेंपो आदि चलेंगे। लेकिन तब सवाल उठा था कि जब शहर में एक भी सीएनजी फिलिंग स्टेशन चालू नहीं है, सीएनजी किट कहां और कैसे लगेगी तो सीएनजी वाहनों का संचालन कैसे शुरू होगा। फिलहाल अब इंडियन ऑयल अडानी गैस की ओर से इसी माह सिविल लाइंस क्षेत्र में दो फिलिंग स्टेशन शुरू कराये जाने का दावा किया गया है। ऐसे में यह तय है कि शहर में दिसंबर माह से सीएनजी वाले ऑटो का संचालन शुरू हो जाएगा।
किट लगाने के लिए दिया जाएगा छह माह का वक्त
0 शहर में सीएनजी वाले ऑटो, टेंपो चले यह कार्रवाई संभागीय परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस के जिम्मे रहेगी। सीएनजी फिलिंग स्टेशन चालू होने के बाद इन दोनों विभाग की जिम्मेदारी रहेगी कि शहर में सीएनजी वाले ही ऑटो, टेंपो चले। बता दें कि संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कार्यालय से शहर में 1898 टेंपो विक्रम, 1974 ऑटो रिक्शा के संचालन का परमिट है। ये सभी डीजल से संचालित है। बाकी पुराने ऑटो का परमिट खत्म हो गया। इसकी संख्या तकरीबन 1600 है। ऐसे में शहर में 1600 के आसपास नये ऑटो, टेंपो का संचालन भी होगा जो सीएनजी से ही लैस रहेंगे। बाकी के टेंपो और ऑटो में सीएनजी किट लगाने के लिए विभाग की ओर से छह माह का वक्त दिया जाएगा। सीएनजी किट के लिए संबंधित एजेंसियों से बातचीत भी अब अंतिम दौर पर है।
सीएनजी के लिए बनाए जा रहे हैं छह फिलिंग स्टेशन
0 इंडियन ऑयल और अडानी ग्रुप को मिलकर कुल छह फिलिंग स्टेशन बनाने हैं। इनमें से सिविल लाइंस में दो, झूंसी, अंदावा मोड़, नैनी और बमरौली में एक-एक सीएनजी फिलिंग स्टेशन बनना है। कंपनी द्वारा अंदावा सीएनजी अैर झूंसी सीएनजी पंप का काम पूरा कर लिया गया है। वहीं शहर में सोहबतियाबाग रेल ब्रिज के नीचे से उत्तर रेलवे द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए एनओसी देने के बाद अब सिविल लाइंस में बन रहे फिलिंग स्टेशन के काम ने भी तेजी पकड़ ली है। इंडियन ऑयल अडानी गैस लिमिटेड के उपाध्यक्ष अनुराग सिंह के मुताबिक रेलवे द्वारा एनओसी देने के बाद अब यह काम जल्द पूरा होगा। उम्मीद है कि इसी माह सिविल लाइंस का फिलिंग स्टेशन तैयार हो जाएगा।
‘सीएनजी फिलिंग स्टेशन शुरू होते ही शहर में सीएनजी वाले टेंपो, ऑटो का संचालन शुरू हो जाएगा। डीजल वाले वाहनों में किट लगाने के लिए समय भी दिया जाएगा।’
00 सगीर अहमद अंसारी, आरटीओ इलाहाबाद।