माघ मेला क्षेत्र में लहरा रहे धर्म ध्वजा पताकाओं के साथ गणतंत्र दिवस पर तिरंगा भी लहराएगा। इसके लिए मेला क्षेत्र में संतों महात्माओं, तीर्थपुरोहितों और कल्पवासियों के यहां विशेष तैयारी की गई है। मेले में दंडीबाड़ा, आचार्य बाड़ा, गंगोली शिवाला, काली सड़क, त्रिवेणी मार्ग, खाक चौक, संगम मार्ग, अक्षय वट मार्ग महावीर मार्ग आदि में अलग-अलग समय पर विविध कार्यक्रम होंगे। आध्यात्मिक उन्नति और साधना के लिए संगम की रेती पर आए संत-महात्मा और कल्पवासी देश की अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लेंगे। अक्षय वट मार्ग संगम नोज स्थित गंगा सेना शिविर में गंगा सेना प्रमुख एवं योग गुरु स्वामी आनंद गिरि की अगुवाई में ध्वजारोहण होगा, दंडी प्रबंधन समिति के संरक्षक स्वामी महेशाश्रम के शिविर में, बाघम्बरी मठ गद्दी आश्रम में। ज्योतिष एवं द्वारकाशारदापीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के उत्तराधिकारी शिष्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती गणतंत्र दिवस के बजाए गणतंत्र तिथि मनाएंगे। कहा, तिथिनुसार वह 15 फरवरी माघ मास शुक्ल पक्ष अष्टमी को ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय पर्व मनाएंगे।