नैनी केंद्रीय कारागार में बंद सजायाफ्ता कैदी उदयराज की मौत का मामला दूसरे दिन भी सुर्खियों में बना रहा। परिवार के लोगों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उदय की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि जेल में दी जा रही लगातार प्रताड़ना का नतीजा है। मृतक की पत्नी राजकली ने आरोप लगाया है कि उनके पति ने पहले ही अपनी हत्या की आशंका जताई थी और उनसे कहा था- देख लेना, यहां मुझे बहुत प्रताड़ित करते हैं...सुन लो एक दिन ये लोग मुझे मार डालेंगे।
कौशाम्बी जिले के बरूआ गांव निवासी उदयराज की मौत के दूसरे दिन भी परिवार और गांव में मातम पसरा रहा। उदय के पीछे पत्नी राजकली, चार बेटे और चार बेटियां हैं। रविवार को सुबह से ही पत्नी राजकली, बेटी नीतू समेत अन्य परिजन व रिश्तेदारों के साथ पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पहुंच आई थी। वह वहां के कर्मचारियों से एक बार पति का चेहरा देखने की विनती करती रही। लेकिन, उन्हें पोस्टमार्टम के बाद देखने का आश्वासन देकर शांत करा दिया गया। वह पति को याद कर रह रहकर बेटी से गले मिलकर फफक रही थी।
राजकली ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पति ने दशहरे के बाद जेल में मुलाकात के दौरान खुद की हत्या की आशंका जताते हुए कहा था कि जेल में उन्हें कुछ अधिकारियों की तरफ से प्रताड़ित किया जाता है। उन्हें सोने नहीं दिया जाता। देख लेना तुम, एक दिन ये लोग मुझे मार डालेंगे।” मेरे पति डरते थे कि एक दिन उनकी हत्या कर दी जाएगी, और वही हुआ। लेकिन, अब उनकी मौत को आत्महत्या बताकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। यह कहते हुए वृद्ध पत्नी फफक पड़ी। उधर, उदय के शव का रविवार शाम को वीडियोग्राफी के बीच डॉक्टरों ने पैनल ने पोस्टमार्टम किया। सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट में लगा कसने से मौत की पुष्टि हुई है।
घटना से थोड़ी देर पहले ही जेल में बंद छोटे भाई ने दिया था टमाटर और बीड़ी-माचिस
राजकली ने बताया कि उनके पति के अलावा तीन देवर और जेल में सजा काट रहे हैं। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे उनके बेटे के पास जेल से फोन आया कि उदय ने जेल के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह सुनते ही घर में चीख पुकार मच गई। इसके बाद जेल में बंद देवर फूल सिंह ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि घटना से थोड़ी देर पहले ही वह उदय को टमाटर और बीड़ी-माचिस देकर नहाने के लिए गए थे। वह नहा ही रहे थे कि तभी उन्हें जानकारी दी गई कि तुम्हारे भाई ने आम के पेड़ पर फंदा बनाकर जान दे दी।