लॉकडाउन के दौरान सोमवार को प्रदेश की 49 जिला अदालतों में 990 मुकदमों का निस्तारण किया गया। प्रदेश की ग्रीन व आरेन्ज जोन के जिलों की अधीनस्थ अदालतों को आठ मई से खोलने का निर्णय लिया गया है। जिसमें सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट सहित केंद्र व राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
निबंधक शिष्टाचार आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 18 मई को ग्रीन व आरेन्ज जोन की 49 अधीनस्थ जिला अदालतों में 3089 मामलों की सुनवाई की गई, जिसमें से 990 मामले निस्तारित किए गए। प्रदेश के 63 जिलों की अदालतों में विचाराधीन कैदियों की रिमांड एवं अन्य न्यायिक कार्य वीडियो कान्फ्रेन्सिंग से निपटाए गए। जिसमें रेड जोन की अदालतें भी शामिल है। कुल 2939 मामलों में वीडियो कांफ्रेंसिंग की गई।