थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा देवरा के चिपौंधा मजरे में बीती रात एक शराबी ने खाना न मिलने से खफा होकर अपनी पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। उसकी इस हरकत को जिसने भी देखा स्तब्ध रह गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए चीरघर भेज दिया।
चिपौंधा गांव निवासी शमशेर हरिजन पुत्र शीतल प्रसाद मेहनत मजदूरी करता है। लेकिन शराब और जुए की लत की वजह से वह सारी कमाई बाहर की गंवा देता है। जिसकी वजह से घर में दो जून के खाने के लाले पड़े हैं। हमेशा की तरह रविवार की रात में शमशेर शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी राजकुमारी (28) से खाना मांगा।
राजकुमारी ने बताया कि घर में कुछ था ही नहीं तो वह आखिर बनाती क्या। इसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई। जिससे तैस में आए शमशेर ने लाठी उठाया और पत्नी राजकुमारी को पीटना शुरू कर दिया। वह उसे तब तक मारता रहा, जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई।
शोर शराबा होने पर ग्रामीण जुटे जरूर लेकिन तब तक में देर हो चुकी थी और राजकुमारी की सांसें थम चुकी थीं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतका के भाई राजकुमार निवासी चकिया, करमा, घूरपुर ने शमशेर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।