in fatanpur murder mauy accused arreested
- फोटो : PRATAPGARH
फतनपुर इलाके के भुजैनी गांव में सोमवार को युवक को पेड़ से बांधकर जिंदा जलाने के मामले में पुलिस ने महिला आरक्षी के पिता व चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया। महिला आरक्षी वर्तमान में कानपुर में तैनात है। मृतक पर महिला आरक्षी की आपत्तिजनक फोटो सोशल साइट पर वायरल करने का आरोप था। इसके अलावा पुलिस पर जानलेवा हमला करने और पुलिस वाहन फूंकने के मामले में मृतक की मां समेत 71 लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। तनाव को देखते हुए गांव में पुुलिस के साथ पीएसी की भी तैनाती की गई है।
मृतक अंबिका पटेल के खिलाफ फतनपुर थाने में गांव की रहने वाली महिला आरक्षी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पुरानी तस्वीरें वायरल करने का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। एक अप्रैल को वह अंतरिम जमानत पर जेल से रिहा हुआ था। सोमवार रात उसका बगीचे में अधजला शव बरामद हुआ था। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया और उसके वाहन में आग लगा दी। पुलिस कर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने महिला आरक्षी के पिता हरिशंकर पटेल व चचेरे भाई शुभम पटेल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी राममिलन मौके से भाग निकला। हत्या के बाद बवाल की खबर पर भारी फोर्स के साथ पहुंचे एसपी अभिषेक सिंह ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को कब्जे में लेकर मर्चरी भेजा।
प्रतापगढ़ जिले में सोमवार को हुई हत्या और उसके बाद हुए बवाल को लेकर डीजीपी मुख्यालय ने रिपोर्ट तलब की है। डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी ने कहा कि घटना में किस की चूक रही है, उसकी जवाबदेही तय करने के लिए स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। घटना के बाद मौके पर एडीजी प्रयागराज प्रेम प्रकाश को भी भेजा गया था। प्रेम प्रकाश से मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी देर रात तक संपर्क में रहे और स्थिति का जायजा लेते रहे। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी पुलिस कर्मी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रतापगढ़ में फतनपुर थाने में थानाध्यक्ष से घटना की जानकारी लेते एडीजी प्रेमप्रकाश। - फोटो : PRATAPGARH
in fatanpur murder mauy accused arreested- फोटो : PRATAPGARH