in delivering the letter of pm modi the nandi came in front
- फोटो : CITY DESK
मोदी सरकार पार्ट-2 के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा की ओर से बृहस्पतिवार को जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शहर दक्षिणी विधानसभा के नैनी मंडल के दो बूथों के तकरीबन 100 घरों में जनसंपर्क किया। वहां उन्होंने पीएम मोदी का पत्र लोगों को उपलब्ध करवाया। इस पत्र में मोदी सरकार पार्ट-टू के एक वर्ष की तमाम उपलब्धियों का उल्लेख है।
तकरीबन तीन माह प्रयागराज पहुंचे नंदी ने जनसंपर्क के दौरान कहा कि एक वर्ष पहले भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ा। देश में दशकों बाद पूर्ण बहुमत की किसी सरकार को लगातार दूसरी बार जनता ने जिम्मेदारी सौंपी थी। नंदी ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। कहा कि सरकार ने एक वर्ष के दौरान कई एतिहासिक निर्णय लिए। इसमें अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य आरंभ करना हो या फिर तीन तलाक को हटाना। राष्ट्रीय एकता अखंडता के लिए अनुच्छेद 370 की बात हो या फिर नागरिकता संशोधन कानून जैसा निर्णय हो। कहा, सरकार का एक ही मूलमंत्र है ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’। इस अवसर पर नैनी मंडल के अध्यक्ष दिलीप केसरवानी, फूलचंद साहू, श्याम मिश्र, रवि मिश्र, समर बहादुर सिंह, श्याम मिश्र आदि मौजूद रहे।
इसी क्रम में भाजपा महानगर की ओर से भी पीएम मोदी का पत्र का वितरण तमाम स्थानों पर किया गया। बताया गया कि यह अभियान 15 जून तक महानगर के सभी बूथों पर चलेगा। इस अभियान में सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी, सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी भी शामिल हुए। इस अवसर पर मनोज मिश्र, विवेक अग्रवाल, प्रमोद मोदी, राजेश केसरवानी, सुभाष वैश्य, यश विक्रम त्रिपाठी आदि ने शिरकत की।