राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान उत्तर प्रदेश में यातायात चालानों के ऑनलाइन भुगतान और निस्तारण के लिए विकसित हाईकोर्ट के ‘पेमेंट सेतु पोर्टल’ ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान उत्तर प्रदेश में यातायात चालानों के ऑनलाइन भुगतान और निस्तारण के लिए विकसित हाईकोर्ट के ‘पेमेंट सेतु पोर्टल’ ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रदेश के सभी जिलों में इस पोर्टल का एक साथ उपयोग शुरू किया गया। इसके माध्यम से एक ही दिन में 18,661 यातायात चालानों का निस्तारण किया गया और 83 लाख 38 हजार 525 रुपये की धनराशि डिजिटल माध्यम से प्राप्त हुई।
विज्ञापन
हाईकोर्ट की ओर से विकसित यह पोर्टल डायनेमिक क्यूआर कोड प्रणाली पर काम करता है। जनपद न्यायालय गौतमबुद्ध नगर में इस पोर्टल का सर्वाधिक उपयोग हुआ। वहां 2,980 चालानों के निस्तारण से 10,42,973 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई। इसके अलावा जनपद न्यायालय लखनऊ में 1,198 और बलिया में 848 चालानों का डिजिटल माध्यम से निस्तारण किया गया।
संयुक्त निबंधक (न्यायिक) सीपीसी के कार्यालय में केंद्रीय नियंत्रण कक्ष भी संचालित किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जिला न्यायालयों से संपर्क में रहकर तकनीकी और परिचालन संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया गया।