इलाहाबाद। धूमनगंज के नींवा इलाके में बृहस्पतिवार रात पति ने अवैध संबंध के शक में पत्नी को पीट दिया। इससे नाराज पत्नी ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह करने के लिए चिल्लाते हुए बाहर निकल आई। सड़क पर हंगामा होते देख मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची धूमनगंज पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर धूमनगंज ने बताया कि आरोपी को थाने पर बैठाया गया है।
गाजीपुर का एक युवक नींवा मे रहता है। वह एक डॉक्टर की कार चलाता है। उसने दो साल पहले मुगलसराय की एक युवती से शादी की। शादी के बाद पत्नी को लेकर यहीं रहने लगा। युवक के पिता भी घर में ही रहते हैं। युवक ने बृहस्पतिवार रात पत्नी को फोन पर बात करने देखा तो भड़क गया और उसकी पिटाई कर दी। इससे नाराज पत्नी खुद पर मिट्टी उड़ेलकर रोते हुए आत्मदाह करने की बात कर बाहर निकल आई। युवती के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी बाहर निकल आए। सड़क पर भीड़ जुट गई।
इसी बीच किसी ने कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। धूमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पति को पकड़ लिया। वहीं युवती का कहना था कि वह घर के पास पान की दुकान लगाने वाले एक युवक से बात कर रही थी। वह उससे स्कूल में नौकरी लगवाने के संबंध में बात कर रही थी। पति को शक रहता है कि दुकानदार से उसके नाजायज संबंध है। इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह देव ने बताया पति को हिरासत में लिया गया है लेकिन पत्नी तहरीर देने नहीं आई है।