प्रयागराज। प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत उत्तर प्रदेश शैक्षिक सेवा संवर्ग के तीन अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने का आदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशक को दिया गया है। शासन की ओर से सह जिला विद्यालय निरीक्षक (एडीआईओएस) प्रयागराज प्रदीप कुमार पांडेय को बीएसए उन्नाव, यूपी बोर्ड में उप सचिव सुनील दत्त को बीएसए कानपुर देहात, जबकि सह जिला विद्यालय निरीक्षक लखनऊ विमलेश कुमार को बीएसए कुशीनगर के पद पर नियुक्त करने का आदेश एक नवंबर को जारी किया गया था।
शासन की ओर से तत्काल इन अधिकारियों को कार्यमुक्त करने के आदेश के बाद भी निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने बोर्ड परीक्षा का हवाला देकर इन अधिकारियों को कार्यमुक्त करने से मना कर दिया। जबकि, इन जिलों में बीएसए के पद कई महीने से खाली चल रहे हैं। निदेशक माध्यमिक शिक्षा की ओर से शिक्षाधिकारियों को कार्यमुक्त न करने के निर्णय को शासन ने गंभीरता से लेते हुए दोबारा तत्काल प्रभाव से इन अधिकारियों को कार्यमुक्त करने का निर्देश निदेशक विनय कुमार पांडेय को दिया है। इस मामले की शिकायत बेसिक शिक्षा विभाग के नवनियुक्त महानिदेशक विजय किरन आनंद के पास भी पहुंची है।