मलिहाबाद में अवैध ढंग से तैयार शराब पीने से 50 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद अवैध दारू के अड्डों पर पुलिस तथा आबकारी विभाग की छापेमारी का सिलसिला जारी है। बुधवार रात घूरपुर पुलिस और आबकारी दस्ते ने करमा इलाके के एक पोल्ट्री फार्म में छापा मारा जिसमें चोरी-छिपे अवैध कच्ची शराब तैयार कर बेचने का गोरखधंधा किया जा रहा था। फार्म में रात में जेनरेटर चलाकर दारू तैयार की जाती थी। वहां 15 सौ कुंटल लहन महुआ नष्ट कर 120 लीटर शराब जब्त की गई। पोल्ट्री फार्म मालिक भाग गया। उसके खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।
करमा इलाके में आदित्य जायसवाल उर्फ गोलू के पोल्ट्री फार्म में अवैध रूप से शराब बनाकर बेचने की भनक लगने पर आबकारी विभाग ने वहां छापेमारी की योजना बनाकर पुलिस को बताया। बुधवार रात करीब सात बजे आबकारी उप आयुक्त रज्जूलाल जैन तथा जिला आबकारी अधिकारी सुदर्शन सिंह के निर्देश पर आबकारी दस्ते ने घुरपुर पुलिस के साथ पोल्ट्री फार्म में छापा मारा। छापा पड़ते ही फार्म में मौजूद लोग दूसरे रास्ते से भाग निकले इसलिए वहां कोई मिला नहीं। तलाशी में आबकारी और पुलिस दल को फार्म में 150 डिब्बों में 15 सौ कुंटल लहन महुआ मिला जिसे जलाकर नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा गैलन में 120 लीटर कच्ची शराब मिली जिसे जब्त किया गया। पुलिस और आबकारी दल ने पोल्ट्री फार्म मालिक के घर में भी छापा मारा मगर वह पकड़ में नहीं आया। एसओ घूरपुर बिहागड़ सिंह यादव ने बताया कि फार्म मालिक पर केस लिखा गया है।