धूमनगंज में चल रहा था ई-टिकट बनाने का अवैध धंधा
0 आरपीएफ की टीम ने की कार्रवाई, नौ आईडी पर बना लिए 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के टिकट
प्रयागराज। धूमनगंज के प्रीतमनगर में रेलवे की ई-टिकट का अवैध कारोबार पकड़ा गया। आरपीएफ की टीम ने शानिवार को आरोपी को ई-टिकट के साथ रंगे पकड़ा। 2014 से अब तक उसने नौ आईडी पर 20 लाख रुपये से अधिक के टिकट बुक करा रखे थे।
मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक अमित कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ने संकटमोचन ट्रेवल्स नामक दुकान में छापेमारी की। इस दौरान धूमनगंज थाना की भी पुलिस मौजूद रही। टीम ने लव शर्मा नामक युवक को पकड़ा। अमित ने बताया कि आरोपी ने लाभ कमाने की नीयत से व्यक्तिगत आईडी पर टिकट बनाना स्वीकार किया। युवक के पास से नौ लोगों की आईडी मिली। इन आईडी पर उसने 2104 से अब तक कुल 1089 टिकट निकाल रखे थे, जिसकी कीमत 20 लाख 33 हजार 985 रुपये है। युवक के पास से आगामी दिनों के चार तथा पूर्व के 15 प्रिंटेड टिकट भी मिले। ये टिकटकरीब 30 हजार रुपये मूल्य के थे। वहां एक डेस्कटॉप, सीपीयू, प्रिंटर आदि भी बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा लिखाकर आगे की कार्रवाई की गई।
000
नशीले पदार्थ और मोबाइल के साथ पकड़े गए दो चोर
प्रयागराज। आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने फाफामऊ स्टेशन पर नशीले पदार्थ तथा चोरी की मोबाइल के साथ दो चोरों को पकड़ा। वे मोबाइल बेचने के लिए यात्रियों से बात कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर जीआरपी के धर्मेंद्र पासवान, आलोक सिंह ने सोरांव के रामपूजन तथा सचिन भारतीय नामक युवकों को पकड़ा। दोनों के पास से नशीला पावडर तथा तीन-तीन मोबाइल के अलावा नगदी भी बरामद हुई। रामपूजन के पास 110 ग्राम नशीला पदार्थ था। दोनों के खिलाफ मुकदमा लिखाकर आगे की कार्रवाई की गई।
000
दिवाली पर ड्यूटी के लिए मिलेगी प्रोत्साहन राशि
प्रयागराज। दीपावली पर ड्यूटी करने वाले रोडवेज कर्मियों के लिए विशेष प्रोत्साहन राशि की घोषणा की गई। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक की ओर से प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी की भी घोषणा की गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि 25 अक्टूबर से तीन नवंबर तक निर्धारित दूरी से अधिक बस चलाने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को रोज चार सौ रुपये मिलेंगे। इस तरह से उन्हें चार हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ड्राइव और कंडक्टर के अलावा अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रोस्तसाहन राशि की घोषणा की गई है। बेहतर सेवा के लिए तीन डिपो अधिकारी सम्मानित भी किए जाएंगे। इनका चयन क्षेत्रीय समिति करेगी।
000
जंक्शन के बाहर अवैध कब्जा, निदेशक ने लिखा पत्र
प्रयागराज। जंक्शन के सिटी साइड में गेट पर अवैध कब्जा की शिकायत बढ़ गई है। वहां ठेला वालों का जमावड़ा रहता है तो ई-रिक्शा तथा अन्य वाहन भी बेतरतीब तरीके से खड़े रहते हैं। इससे वहां गंदगी के साथ जाम की स्थिति रहती है। स्टेशन निदेशक अनुपम सक्सेना ने एसएसपी तथा नगर आयुक्त को इस बाबत पत्र लिखा है। उन्होंने गेट से अवैध कब्जा हटाने तथा सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लिखा है।