बेटे के आत्महत्या की सूचना पर तेलंगाना से ट्रिपल आईटी पहुंची राहुल की मां।
- फोटो : अमर उजाला।
ट्रिपलआईटी में बीटेक के छात्र राहुल मंडला (20) की मौत की सूचना मिलने के बाद रविवार दोपहर माता-पिता, भाई और मामा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मां स्वर्ण लता ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि यहां आने पर उन्हें पता चला कि उनका बेटा पिछले तीन महीने से क्लास से एब्सेंट था। यदि बेटा गैर हाजिर था तो कॉलेज की तरफ से उन्हें क्यों नहीं बताया गया।
मां ने बताया कि बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह अपने परिवार के साथ फ्लाईट से सुबह करीब 11 बजे काशी पहुंचीं। फिर बस से यहां एक बजे पहुंचे। पिता कृष्णा प्रसाद और मामा पहले ही पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। दोपहर बाद करीब 3:30 बजे छात्र की मां छोटे बेटे अभिराम के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। जहां, पति और बेटे से लिपटकर फुट फुटकर रोने लगीं। उनको रोते देख वहां मौजूद कॉलेज फैकल्टी के लोगों की आंखें भर आई।
मां स्वर्ण लता ने बताया कि पहला सेमेस्टर खत्म होने के बाद 15 दिसंबर 2024 के बाद उनका बेटा घर गया था, तब सबकुछ ठीक था। 15 दिन तक घर पर रहने के बाद वह चार जनवरी को घर से यहां पर आया था। इसके बीच में उनकी राहुल से कई बार मैसेज और वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी, तब सब कुछ ठीक था।
मां ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि बेटे की मौत के बाद जब वह लोग यहां पर आए तो उन्हें बताया गया कि उनका बेटा पिछले तीन महीने से क्लास से एब्सेंट चल रहा था। मां ने कहा, यदि उनका बेटा एब्सेंट चल रहा था तो कॉलेज प्रशासन ने उन लोगों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी। यदि उन्हें इसकी पहले ही सूचना मिल गई होती तो शायद वह लोग बेटे से बातचीत करके उसकी मानसिक स्थिति को समझ पाते और उनका बेटा उन लोगों के साथ होता। इतना कहने के बाद स्वर्ण लता बेटे को याद पति और छोटे बेटे से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं। किसी तरह परिवार के लोगों ने उन्हें शांत कराया।