साइबर जालसाजों ने इफको में नौकरी के नाम पर सैकड़ों बेरोजगारों से लाखों की ठगी कर ली। शुक्रवार को इसका खुलासा उस वक्त हुआ जब कई युवक इंटरव्यू के लिए फूलपुर स्थित इफको पहुंच गए। पता चला कि एक वेबसाइट पर फर्जी विज्ञापन निकालकर प्रति फार्म 1000 रुपये वसूले गए हैं। इफको अधिकारियों ने एक विज्ञप्ति जारी कर जालसाजी के बारे में आगाह किया है। मामले में अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
साइबर ठगों ने कुछ समय पहले एक वेबसाइट में इफको की फूलपुर इकाई में इलेक्ट्रीशियन व फिटर ट्रेड में कार्मिकों के 350 रिक्त पदों के लिए फर्जी विज्ञापन निकाला। आवेदन की तिथि 10 मई से 18 मई दिखाई गई। पंजीकरण के लिए एक हजार रुपये का शुल्क भी निर्धारित कर दिया। भर्ती की विज्ञप्ति सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र के कई युवकों ने आवेदन करना शुरू कर दिया। तमाम बेरोजगारों ने वेबसाइट के माध्यम से 1000 शुल्क भी जमा कर दिया। साइबर जालसाजों ने इस विज्ञापन के अलावा एक और भर्ती का विज्ञापन जारी किया जिसमें इफको की डीलरशिप व फ्रेंचाइजी का आवेदन मांगा गया था। शुक्रवार को इंटरव्यू के लिए जब डीलरशिप और फ्रेंचाइजी के इंटरव्यू के लिए बेरोजगार इफको की फूलपुर इकाई में पहुंचने लगे तो इफको के अधिकारियों में खलबली मच गई।
इफको के कार्यकारी निदेशक एचआर नकुल पाठक ने एक विज्ञप्ति जारी कर इस तरह की किसी भी भर्ती विज्ञापन निकाले जाने से इनकार किया है। जनसंपर्क अधिकारी संजय मिश्र ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फर्जी नियुक्ति एवं डीलरशिप को पूर्णतया फर्जी बताते हुए कहा कि इफको की ओर से कोई भी भर्ती विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। उन्होंने लोगों से किसी के बहकावे में नहीं आने की बात कही है। दूसरी ओर इंस्पेक्टर फूलपुर ने बताया कि उन्हें न तो इफको के अधिकारियों ने कोई तहरीर दी है न ही किसी अभ्यर्थी ने। जैसे ही तहरीर मिलेगी, पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।