prayagraj news : फाफामऊ घाट पर जलाए जा रहे शव।
- फोटो : prayagraj
कोरोना संकट काल में अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पर अधिक रुपये मांगे जाने की शिकायतों को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। बृहस्पतिवार को पुलिस की एक टीम फाफामऊ घाट पर पहुंची और घोषणा कराई कि अंतिम संस्कार को चार हजार से ज्यादा रुपये मांगे जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फाफामऊ घाट पर अंतिम संस्कार के लिए ज्यादा रुपये मांगे जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। पिछले दिनों इसे लेकर एक मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा भी किया था। जिसके बाद उच्चाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बृहस्पतिवार को ज्यादा रुपयों की वसूली रोकने के लिए पहल की। घाट पर पहुंचकर फाफामऊ थाने की टीम ने लाउस्पीकर से घोषणा कराई। इसके मुताबिक, दाह संस्कार करने के लिए अधिकतम राशि चार हजार रुपये निर्धारित की गई है। इसमें लकड़ी के साथ ही संपूर्ण दाह संस्कार शामिल होगा। इससे ज्यादा रुपये कोई मांगता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। संबंधित के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
एंबुलेंस के किराये को लेकर भी जारी किए निर्देश
पुलिस ने एंबुलेंस के किराये को लेकर भी दिशा निर्देश जारी किए। बताया कि एसी एंबुलेंस के लिए दो हजार जबकि नॉन एसी एंबुलेंस के लिए अधिकतम 1500 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इससे अधिक रुपयों की मांग एंबुलेंस चालक करता है तो उसकी शिकायत पुलिस से करें। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फाफामऊ एसओ संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस व प्रशासनिक अफसरों के निर्णय के अनुसार दर निर्धारित की गई है। निर्धारित दर से ज्यादा रुपये लेने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।