मेले के दौरान पहली बार 275 शटल बसों का संचालन करेगा रोडवेज
माघ मेला के दौरान पहली बार शहर की सड़कों पर शटल बसों का संचालन होगा। मेला के सामान्य दिवसों पर 100 और स्नान पर्वों पर 275 शटल बसें रोडवेज द्वारा संचालित की जाएंगी। 100 शटल बसों में से 50 ई-बसें प्रयागराज में उपलब्ध हैं। 25 ई-बसें अन्य जिलों से यहां आएंगी। इसके अलावा 25 डीजल बसें यूपी रोडवेज की रहेंगी जिनका उपयोग शटल सेवा के रूप में होगा।
इसी तरह स्नान पर्वों पर यूपी रोडवेज की ही 175 बसें भी शटल सेवा के रूप में संचालित होंगी। शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचे यूपी रोडवेज के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा और मेलाधिकारी ऋषिराज के साथ प्रयागराज मेला प्राधिकरण के आईसीसीसी सभागार में बैठक की।
अफसरों ने माघ मेला 2026 के दौरान रोडवेज बस मूवमेंट प्लान की समीक्षा की। बताया गया कि माघ मेला में संचालित 3800 बसों में से 200 बसें आवश्यकतानुसार जनपद के भीतर या अंतरजनपदीय मार्गों पर संचालित होंगी। श्रद्धालुओं को ज्यादा पैदल न चलना पड़े इसके लिए पहली बार स्नान पर्वों पर 275 शटल बसें संचालित की जाएंगी। बैठक में बताया गया कि बसों के संचालन के लिए अस्थायी बस स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं।