फतेहगंज पश्चिमी। ओमवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भले ही आत्महत्या जैसे संकेत मिले हों पर मौके के हालात साजिश और हत्या की चुगली कर रहे हैं। महिला का पति भी रात भर लापता रहा था। पुलिस पति और परिवार से बात कर जानकारी जुटा रही है।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान व एसपी देहात मुकेश मिश्रा ने ओमवती के पति मीहलाल से बात की। वह नशे जैसी स्थिति में लग रहा था और कुछ बता नहीं पा रहा था। परिजन और ग्रामीणों ने स्वीकार किया कि मीहलाल ज्यादा नशा करता है। वे रातभर ओमवती को खोजते रहे पर मीहलाल साथ नहीं था। मीहलाल का कहना था कि उसे खुद नहीं पता कि वह कहां था। बताया गया कि मीहलाल के दो बेटे थे, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। एक बेटे का परिवार, दूसरे की पत्नी और बुजुर्ग दंपती घर में तीन हिस्से कर रह रहे थे। सबका खाना भी अलग बनता था।
मीहलाल रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पद से रिटायर्ड है। पहले वह पूरी पेंशन खर्च कर देता था। पत्नी की शिकायत पर दोनों का शामिल खाता करा दिया गया। बैंक में दोनों लोगों के साथ जाने पर ही पेंशन के 12,700 रुपये प्रतिमाह निकल पाते थे। पता चला कि इस बार भी पांच तारीख को खाते से पांच हजार रुपये निकाले गए थे। मीहलाल के शराब पीने पर परिवार में कुछ विवाद भी हुआ था।
डॉक्टरों से राय लेगी पुलिस
शव जमीन पर उल्टा पड़ा था, खिंचाव इस तरह था कि जैसे पीछे से पकड़कर गला कसा गया हो। जानकार बताते हैं कि इस स्थिति में भी गर्दन के आगे की हड्डी टूट जाती है। मृतका के मुंह पर चोट बताई गई है और हथेलियों में खेत की मिट्टी लगी थी। हैंगिंग की बात करें तो मौके पर कोई ऐसी चीज नहीं थी जिस पर कोई लटक सके। ऐसी स्थिति में पुलिस डॉक्टरों की भी राय लेगी।