पुलिस गिरफ्त में आरोपी रत्नेश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
यमुनापार के खीरी थाना क्षेत्र के कौंदी गांव में एक हफ्ते पहले हुई चमेली देवी की हत्या का खुलासा हो गया। चमेली देवी को उसके ही दामाद ने मारा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पत्नी के प्रेमी को फंसाने के लिए हत्या की थी। आरोपी को एक जनवरी की रात गिरफ्तार कर लिया गया था। उसने जुर्म स्वीकार कर लिया है।
कौंदी गांव में चमेली देवी (70) की 27 दिसंबर की रात हत्या कर दी गई थी। चमेली देवी के सिर में चोट लगा था। ब्लाइंड मर्डर के खुलासे में जुटी पुलिस को वहीं से सुराग मिला। वहां पर पंकज नाम के शख्स की फोटो और मोबाइल नंबर एक कागज में लिखा था। बस इसी के सहारे पुलिस कातिल रत्नेश कुमार तक पहुंच गई। एसपी यमुनापार दीपेंद्र चौधरी के मुताबिक कौंदी गांव का ही रहने वाला रत्नेश कुमार पड़ोस की रहने वाली चमेली देवी की पोती रोशनी (परिवर्तित नाम) से प्यार करता था।
घर वालों से बताए बिना वह रोशनी को भगा ले गया था। बाद में रत्नेश और रोशनी ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। रत्नेश पत्नी को करेली के करेलाबाग लेकर चला आया। यहीं वह मजदूरी कर जीवन चलाने लगा। इसी दौरान रोशनी की नजदीकी रत्नेश के साथ काम करने वाले पंकज से बढ़ गई। 24 दिसंबर को रोशनी पंकज के साथ रैपुरा मिर्जापुर चली गई। उसने फोन पर साफ कह दिया कि वह अब पंकज के साथ रहेगी। इसके बाद ही रत्नेश ने पूरा षड्यंत्र रचा। 27 की रात वह कौंदी गांव पहुंचा।
वहां रोशनी की दादी चमेली देवी से कहा कि वह फोन मिलाकर उसे समझाए। उसने फोन मिलाकर चमेली देवी से बात कराई तो उन्होंने कह दिया कि वह पंकज के साथ ही रहे। रत्नेश बहुत बदमाश है। इसके बाद रत्नेश ने चमेली देवी के सिर को चारपाई के पाये से कई बार लड़ाया जिससे उनकी मौत हो गई। पंकज को फंसाने के लिए उसकी फोटो और एक पन्ने पर उसका मोबाइल नंबर लिख दिया। पुलिस इसी नंबर से पंकज तक पहुंची फिर रत्नेश तक। एसपी के मुताबिक रत्नेश को एक जनवरी की रात कौंदी पुल के पास से तमंचे और दो मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।