House numbers will be allotted in 207 villages
प्रयागराज। कैबिनेट में मंगलवार को सीमा विस्तार के निर्णय का शासन ने नोटिफिकेशन कर दिया। शासन के निर्देश पर बुधवार को जिलाधिकारी ने नोटिफिकेशन का प्रकाशन करा दिया। इस प्रक्रिया के साथ ही गांवों में रहने वाले करीब 4.28 लाख लोग शहरी हो गए। नगर निगम जल्द ही 207 गांवों में मकान नंबर आवंटित करेगा।
जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी ने बुधवार को सीमा विस्तार के बाद नगर निगम सीमा में शामिल गांवों की भौगोलिक स्थिति के बारे जानकारी ली। राजस्व विभाग और नगर निगम अफसरों को नए नक्शे से संबंधित निर्देश दिए। उन्होंने नगर आयुक्त रवि रंजन से कहा कि स्थितियों का आंकलन कराएं फिर सभी क्षेत्रों में योजनाबद्ध विकास की विस्तृत योजना बनाएं।
नगर निगम में प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े अफसर दिन भर सीमा विस्तार से जुड़ी फाइलों में व्यस्त रहे। तय किया गया है कि सबसे पहले गांवों में मकान नंबर आवंटित किए जाएंगे। अभी गांवों में बने मकान बिना नंबर के हैं। इसके लिए एजेंसी का चयन भी किया जाएगा। अफसरों के मुताबिक इस कार्य में कंपनियों को प्रजेंटेशन के लिए आमंत्रित किया जाएगा। नए सिरे से मकान नंबर आवंटित करने के बाद सबसे पहले गांवों को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों को दुरुस्त कराया जाएगा।
सेटेलाइट सर्वे से होगा सुविधाओं का आंकलन
सीमा विस्तार में शामिल किए गए गांवों में सुविधाओं का आंकलन करने के लिए नगर निगम सर्वे कराएगा। यह काम सेटेलाइट से कराया जाएगा। अफसरों ने विस्तार से पहले गांवों की सीमा का चिह्निकरण भी सेटेलाइट से कराया था। सुविधाओं के बारे में विस्तृत प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा।