कोरोना वायरस संक्रमण के चलते शहर के दो केंद्रीय तकनीकी संस्थानों भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) एवं मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के छात्रावासों को खाली करवा दिया गया है। दोनों संस्थानों में 31 मार्च तक अवकाश घोषित किए जाने के बाद भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं छात्रावासों में बने हुए थे।
ट्रिपलआईटी के पीआरओ पंकज मिश्र ने बताया कि होली के अवकाश के बाद और कोरोना का खतरा बढ़ने के चलते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं संस्थान आए ही नहीं। अब केंद्र सरकार के आदेश के बाद संस्थान में बचे छात्रों को घर भेजने का फैसला लिया गया है। वहीं एमएनएनआईटी के निदेशक प्रो. राजीव त्रिपाठी ने बताया कि संस्थान में अवकाश होने के बाद भी कुछ छात्र-छात्राएं छात्रावास में बने थे, इन छात्रों को वापस घर जाने को कह दिया गया है।